हत्या में शामिल 50 हजार का इनामी छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
जमीन विवाद में हुए हत्याकांड के फरार 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


मिली जानकारी के मुताबिक आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में प्रदीप कुमार सिंह एवं उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उपचार के दौरान रामबचन यादव की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में तिलक राय के हाता थाना में 7 जुन 2023 को एफआईआर दर्ज किया गया था। मामले में रामअवतार यादव, रामजी यादव, धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव, ओमप्रकाश यादव सहित अन्य की संलिप्तता पाई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पूर्व में इस कांड के दो अभियुक्त रामजी यादव एवं रामअवतार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में फरार चल रहे धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव को पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में डुमरांव एसडीपीओ के साथ डीआईयू के सुधीर कुमार, मंगलेश कुमार मधुकर, चंदन कुमार 1, तिलक राय के हाता थाना के राजु कुमार के साथ पुलिस बल के जवान थे।




