स्कूल जा रहे दो मासूमों को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, एक की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाव कला पंचायत में शनिवार की सुबह स्कूल पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों के मदद से स्कूल के शिक्षक ने बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के मुताबिक बसाव कला पंचायत के ठाकुरपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार उर्फ बुलबुल और मिथलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल प्रतिदिन की तरह मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे। दोनों बच्चे जैसे ही ठाकुरपुर–बसांव कला मार्ग के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे दोनों बच्चे सड़क पर ही कुचल गए। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों बच्चों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक बच्चे की नाज़ुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं मृतक ऋतिक कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और तेज रफ्तार व अवैध बालू ढुलाई पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है।

थानाध्यक्ष अंकुश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



