सोमेश्वर स्थान घाट पर गंगा में डूबे दो किशोर, नहीं हो सकी पहचान

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना क्षेत्र के सोमेश्वर स्थान घाट पर बुधवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया, गंगा में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव गंगा से बाहर निकाले और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी, जिससे पुलिस और स्थानीय प्रशासन उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटे हैं।
साइकिल से गंगा में नहाने गए थे किशोर :
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 12 और 14 वर्ष के दो किशोर साइकिल से सोमेश्वर स्थान गंगा घाट पहुंचे थे। वहां स्नान करने के दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय सब्जी उत्पादकों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंगा में कूदकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से बरामद साइकिल को घाट स्थित मंदिर में रखा गया है।
स्थानीय लोग और प्रशासन मृत किशोरों की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का सहारा ले रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शवों को सुरक्षित रखा गया है और पहचान के बाद ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी।