Accident

साहेब की स्कार्पियो हुई बेकाबू, ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो गंभीर घायल, प्रशासन पर फूटा गुस्सा

 

बीआर दर्शन | बक्सर

जिले के बाजार समिति रोड में बुधवार को सरकारी हनक देखने को मिली। सरकारी बाबू की स्कार्पियो ने रफ्तार का कहर बरपाया। स्कार्पियो ने पहले एक ई- रिक्शा में टक्कर मारी और भागने के क्रम में एक चहारदिवारी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में ई – रिक्शा चालक समेत दो जख्मी हो गए। वहीं स्कार्पियो के टक्कर से एक चहारदिवारी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं घटना में जख्मी ई- रिक्शा चालक समेत एक अन्य को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से जख्मी ई- रिक्शा चालक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान रेलवे गुमटी पाण्डेय पट्टी निवासी निर्मल कुमार गुप्ता (50 वर्ष) और सिविल लाइन निवासी ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे में ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार की हालत अत्यंत गंभीर हो गई। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। हादसे में जिस घर की बाउंड्री टूट गई, वह भाजपा नेता का बताया जा रहा है। टक्कर के बाद बाउंड्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि बाउंड्री के भीतर खड़ी उनकी कार बाल-बाल बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक की रफ्तार से चल रही थी। वाहन के पीछे “बिहार सरकार” लिखा हुआ था, जबकि आगे “बिहार सरकार राज्य कर संयुक्त आयुक्त, वाणिज्य कर विभाग, बक्सर” अंकित था। मौके पर मिले एक कार्ड पर चालक का नाम अभिषेक कुमार लिखा पाया गया। प्रत्यक्षदर्शी युवकों ने आरोप लगाया कि कई विभाग कम पैसों में प्राइवेट चालकों को वाहन चलाने के लिए रख लेते हैं, जो लापरवाही से गाड़ी चलाकर आए दिन ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। यह हादसा होमगार्ड कार्यालय के सामने हुआ। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर होमगार्ड कार्यालय की ओर भाग निकला।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बक्सर प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सरकारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल उठाए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं शहरवासियों का कहना है कि सरकारी वाहनों के चालक अक्सर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button