साइकिल सवार को बचाने में ट्रैक्टर पलटा, चालक समेत साइकिल सवार की मौत
बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर – इटाढ़ी रोड पर बैरी गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में ट्रैक्टर पलट गया। घटना में साइकिल सवार और ट्रैक्टर सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव के योगेंद्र कुमार का पुत्र धर्मेंद्र कुमार नगर परिषद में कचरा ढोने वाली ट्रैक्टर को चलाता था। सोमवार को कचरा का ट्रैक्टर लेकर इटाढ़ी के तरफ जा रहा था। उसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी विमल शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा साइकिल से जा रहे थे। बैरी गांव के समीप साइकिल सवार अचानक ट्रैक्टर के सामने आ गया। अचानक साइकिल सामने आने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए चाट में पलट गया। घटना को देख राहगीरों ने इसकी सूचना इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक गरीब परिवार से जुड़े हुए हैं। इटाढ़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इटाढ़ी थाना पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




