सदर विधायक द्वारा सीएस से किए गए व्यवहार से खफा चिकित्सक और कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध
बीआर दर्शन | बक्सर
सदर विधायक द्वारा सिविल सर्जन के साथ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा के प्रयोग करने और दुर्व्यवहार से नाराज़ चिकित्सक और कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध जताया। चिकित्सक और कर्मियों ने तीन दिनों तक काला बिल्ला लगाकर कार्य करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को काला बिल्ला लगाकर कार्य करने के बाद बक्सर सरकारी चिकित्सक संघ भासा और बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ बक्सर इकाई के नेतृत्व में बैठक किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।


बैठक को संबोधित करते हुए बक्सर सरकारी चिकित्सक संघ के सचिव डॉ संजय कुमार ने कहा कि 25 जनवरी को निरीक्षण के क्रम में सदर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा सिविल सर्जन बक्सर को अपमानजनक शब्दों का प्रयोग और दुर्व्यवहार किया गया। जिससे चिकित्सक और कर्मी काफी मर्माहत हैं। सदर विधायक के व्यवहार से नाराज़ चिकित्सक और कर्मियों ने तीन दिनों तक काला बिल्ला लगाकर कार्य करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कर्मचारी संघ के जिलामंत्री आनंद सिंह ने कहा हमारा व्यवहार मरीज और परिजनों के साथ सही और संतुलित होना चाहिए। वहीं वरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी चिकित्सक और कर्मियों के मान सम्मान का ख्याल रखना चाहिए। इस दौरान चिकित्सकों और कर्मियों ने अपनी अपनी समस्याओं को रखा। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डाॅ शैलेंद्र कुमार ने कहा कि चिकित्सक और कर्मी एक परिवार है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर हमें मरीज और उनके परिजनों के साथ संवेदनशीलता बना कर रखना चाहिए। इसके साथ ही अन्य चिकित्सकों ने भी अपनी बातों को रखा। मौके पर डॉ नमिता सिंह, डॉ अमलेश कुमार, डॉ सौरभ राय, डॉ भारती द्विवेदी, डॉ नेहा, डॉ सुरुची, डॉ अशोक पासवान समेत अन्य चिकित्सक और कर्मी मौजूद थे।





