सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक की मौत, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर-धनसोई मुख्य सड़क पर इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी पावर हाउस के समीप मंगलवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



मिली जानकारी के मुताबिक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी हरे कृष्णा मिश्रा के 28 वर्षीय पुत्र गोलू मिश्रा बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बैरी पावर हाउस के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





