संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, मारपीट व गला दबाकर हत्या का आरोप, सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है। परिजनों ने शव को सड़क पर रख सड़क जाम कर दिया। पुलिस के वरीय अधिकारियों के समझाने के बाद परिजनों ने सड़क जाम हटाया।

मिली जानकारी के मुताबिक हेठुआ गांव निवासी भगीरथ कुशवाहा का 21 वर्षीय पुत्र मंटू कुशवाहा बुधवार की शाम होली के मौके पर गांव में मौजूद था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया और मारपीट भी हुई। हालांकि ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला उस समय शांत हो गया।

परिजनों का आरोप है कि रात में परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और सो रहे मंटू कुशवाहा के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बगल के कमरे में सो रही उसकी मां प्रमिला देवी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद मंटू को बेरहमी से पीटकर अचेत कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों के जागने की आहट मिलते ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद परिजन मंटू को लेकर गांव के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार करीब छह माह पहले मंटू की बकरी चोरी हो गई थी, जिसके बाद उसने राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने कुछ लोगों पर जुर्माना भी लगाया था। बताया जा रहा है कि उसी मामले को लेकर गांव के कुछ युवक उससे नाराज चल रहे थे और उसे लगातार धमकी दे रहे थे। मृतक की मां प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही सुरेंद्र खरवार समेत कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।

इस घटना को लेकर आक्रोशित परिजनो व ग्रामीणों ने शव रखकर चौसा- कोचस मार्ग को राजपुर थाना के भलुआ गांव के पास सड़क जाम कर दी। सड़क जाम से दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस सड़क जाम हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया। अंत मे एसपी से फोन वार्ता पर आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया।



