संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला महिला शव, जांच में मिला शव

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के करैला टोला गांव में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रजनी कुमारी (पति सुरेंद्र चौधरी) के रूप में की गई है, जिसका शव उसके घर में पंखे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार वालों के मुताबिक रजनी कुमारी शुक्रवार रात तक सामान्य व्यवहार कर रही थीं। उनका पति घर के बाहर सोया हुआ था। सुबह जब दरवाजा देर तक नहीं खुला तो संदेह होने पर भीतर झांका गया, जहां रजनी फंदे से लटकी मिलीं।
रजनी का मायका रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सुंदरबन गांव में है। सूचना पाकर मायके वाले भी गांव पहुंच गए। फिलहाल परिजन किसी घरेलू विवाद से इनकार कर रहे हैं।
धनसोई थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक थाने में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से छानबीन कर रही है।