शराब तस्करों के मंसूबे पुलिस ने किया फेल, 1740 लीटर शराब के साथ ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना पुलिस को मंगलवार बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद पुलिस को चकमा देने में सफल शराब तस्कर मुफस्सिल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यूपी–बिहार सीमा पर तैनात एक सिपाही की सतर्कता से ईंट लदे ट्रैक्टर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। बताया जाता है कि शराब की बड़ी खेप यूपी से जिले में नववर्ष की तैयारी में लायी जा रही थी।


मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश से एक ट्रैक्टर पर ईंट लादकर शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही थी। तस्करों ने जांच से बचने के लिए ईंटों के नीचे शराब की पेटियों को बड़ी चतुराई से छुपा रखा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर यूपी–बिहार सीमा स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट से जांच के बाद निकल चुका था और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। इसी दौरान एक सिपाही को ट्रैक्टर पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर जांच की गई। जांच के दौरान जब ईंटें हटाई गईं तो नीचे से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के छोटकी बसौली निवासी नन्दलेश कुमार के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि कुल 1740.84 लीटर विभिन्न ब्रांड के अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब में 180 एमएल की 8 पीएम (54 पेटी 45 पीस – 243 लीटर), ट्रिपल एक्स रम (20 पेटी 48 पीस – 172.8 लीटर), डार्क रम (1 पेटी 48 पीस – 8.640 लीटर), 375 एमएल रॉयल स्टेज (9 पेटी 24 पीस – 81 लीटर) तथा 750 एमएल की बोकडी (5 पेटी 12 पीस – 42 लीटर) शामिल है। शराब व ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।




