शराब तस्करों का दुस्साहस पुलिस को मारपीट कर किया जख्मी, एक गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मामले में जख्मियों के बयान पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। ब्रह्मपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।

जवही दियर गांव उत्तर प्रदेश की सीमा के काफी नजदीक स्थित है। शराब तस्करी पर नजर रखने के लिए यहां पुलिस पिकेट स्थापित किया गया है, जहां से आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी की जाती है। एफआईआर के मुताबिक पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान अपने सहयोगी सिपाही रौशन कुमार के साथ नियमित गश्त व सूचना संकलन का कार्य कर रहे थे। 2 मार्च को दोनों पिकेट से पास स्थित किराना दुकान पर दैनिक उपयोग का सामान लेने गए थे।

सामान खरीदकर जब वे पिकेट की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ-नौ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों से कहा कि हाल में पिकेट द्वारा शराब पकड़वाने की कार्रवाई से वे नाराज हैं। इसी बात को लेकर उन्होंने दोनों जवानों को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आईं। हमलावरों ने दोनों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी मारपीट की। घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित हवलदार के अनुसार मारपीट के दौरान बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।

बताया जाता है कि घटना के समय मौजूद एक ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो पिकेट पर तैनात सिपाही को सौंप दिया गया। वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की पहचान के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि चार अन्य अब भी अज्ञात बताए जा रहे हैं।

3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो साक्ष्य और पहचान के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी है। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष अंशु कुमारी ने बताया कि घटना में संलिप्त गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




