व्यवहार न्यायालय कोर्ट को मिली उड़ाने की धमकी, मचा अफरातफरी

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। व्यवहार न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर यह धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था, जिसके बाद तत्काल न्यायिक कार्य रोक दिए गए और सुरक्षा को लेकर पूरे परिसर को खाली कराया गया। वकील, कर्मचारी, मुवक्किल और आम लोग जल्दबाजी में बाहर निकलते देखे गए।

मामले की जानकारी देते हुए मनोज कुमार ने बताया कि न्यायालय के ईमेल में लिखा था कि शुक्रवार दोपहर बक्सर कोर्ट के जज और वकीलों को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस सूचना के मिलते ही प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया।

इसके बाद टाउन थाना पुलिस और बक्सर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने माइक के माध्यम से बार-बार सभी को कोर्ट परिसर खाली करने की घोषणा की। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने पूरे कोर्ट कैंपस की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कोर्ट के कमरों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।

फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। इस घटना के बाद शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।




