विवाद को लेकर युवक ने अधेड़ पर किया चाकू से जानलेवा हमला

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में शनिवार की सुबह पूर्व के विवाद में एक युवक ने बधार में गए एक अधेड़ पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी अधेड़ किसी तरह से अपने दरवाजे पर पहुंचे। परिजनों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। पुलिस ने जख्मी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक डिहरी गांव के विजय नारायण सिंह के पुत्र ज्योति प्रकाश सिंह उम्र करीब 50 वर्ष अपना नया मकान बनवा रहे हैं। शनिवार की सुबह करीब चार बजे पुराने मकान से नये मकान के तरफ जा रहे थे। उसी दौरान गांव के ही एक युवक ने पीछे से पकड़ लिया। युवक हाथ में लिए चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अधेड़ किसी तरह जान बचाकर अपने घर भागे। लहुलुहान स्थिति में दरवाजे पर पहुंचे। परिजनों ने देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। ज़ख्मी के मुताबिक सात स्थानों पर चाकू लगा है। ज़ख्मी ने बताया कि आरोपी युवक को करीब एक-डेढ़ वर्ष पूर्व एक ग़लती पर डांट लगाई थी, उसी को लेकर वह हमले को अंजाम दिया है। राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि चाकू लगने से एक व्यक्ति के जख्मी होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया है। ज़ख्मी की हालत फिलहाल ख़तरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।