वामन द्वादशी पर वामनेश्वर धाम उमड़े श्रद्धालु, निकाली गई शोभायात्रा
केन्द्रीय कारा परिसर स्थित वामनेश्वर मंदिर में हुई पूजा भगवान वामन चेतना मंच द्वारा शहर में निकाली गई शोभायात्रा
बीआर दर्शन। बक्सर
भगवान वामन के जन्मोत्सव पर वामन द्वादशी स्नान के लिए मंगलवार को केंद्रीय कारा के समीप ठोरा गंगा के संगम पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ गया। श्रद्धालुओ ने गंगा और ठोरा नदी के संगम में डुबकी लगाई। दोपहर तक व्रत रख श्रद्धालु सेंट्रल जेल परिसर में स्थित बामनेश्वर मंदिर में जाकर भगवान वामन के दर्शन पूजन किया।
दोपहर होते ही मंदिर में भगवान बामन की पूजा व आरती शुरू हो गई घंटे घड़ियाल व शंख ध्वनि के बीच स्तुति गान होने लगी। भगवान को महाप्रसाद की भोग लगाए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। त्रेता युग में भाद्रपक्ष शुक्लपक्ष द्वादशी तिथि को श्रवण नक्षत्र में बक्सर निवासी माता अदिति महर्षि कश्यप के पुत्र के तौर पर भगवान विष्णु के पांचवें अवतार के रूप में भगवान वामन का जन्म हुआ था, लिहाजा बक्सर के पौराणिक नाम में से एक वामनाश्रम भी है।
वामन द्वादशी के मौके पर शहर में भगवान वामन चेतना मंच द्वारा भगवान वामन जयंती महोत्सव समारोह धूमधाम से मनाई गई। मंच द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर से दर्जनों संतों के वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजन के साथ किया गया। यात्रा रामेश्वर नाथ मंदिर से निकलकर पीपी रोड, यमुना चौक, मुनीम चौक, वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए सोमेश्वर स्थान स्थित भगवान वामन धाम पहुंचा। इस दौरान शहर में जगह-जगह भगवान वामन के रथ पर श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने पुष्प की वर्षा की और आरती उतारी। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान वामन के दिव्य रूप के दर्शन को लेकर सड़क के दोनों किनारे श्रद्धालुओं एवं भक्तों की भीड़ जुटी रही। भगवान वामन की जय घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। रथ को खींचने को लेकर श्रद्धालुओं एवं भक्तों की होड़ लगी रही।
रथ को सोमेश्वरस्थान के समीप केन्द्रीय कारा परिसर स्थित वामन धाम पहुंचने पर आरती उतारी गई और महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे दिन भगवान वामन की पूजा -अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शोभायात्रा का संचालन धनंजय मिश्र ने किया। यात्रा में आचार्य कृष्णानंद शास्त्री, रणधीर ओझा, मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे, एसडीएम धीरेन्द्र मिश्र, एसडीपीओ धीरज कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय, सत्येंद्र ओझा, संजय ओझा, मनोज तिवारी, गिरीश कुमार द्विवेदी, चमन, दुबे, प्रियव्रत पांडेय, अभिषेक ओझा, सरोज तिवारी, दयानंद उपाध्याय, कमलाकर ओझा, सौरभ चौबे, प्रकाश पाण्डेय, चंद्रभूषण ओझा, अखिलेश पांडेय, पीयूष पांडेय, सुरेश मिश्र, सोनू तिवारी, सतीश, सोनू पांडेय समेत हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।