रामरेखा घाट पर गंगा स्नान के दौरान अधेड़ व्यक्ति डूबा, तलाश जारी

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना क्षेत्र के रामरेखा घाट पर शनिवार की दोपहर गंगा स्नान करने गया एक व्यक्ति तेज बहाव में बहकर डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह स्नान के लिए घाट पर आया था और कपड़े किनारे उतारकर जैसे ही गंगा में उतरा, गहरे पानी में चले जाने और तेज बहाव की वजह से डूब गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से उसे खोजने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी टाउन थाना पुलिस को दी गई। टाउन थाना पुलिस स्थानीय गोताखोरों के मदद से तलाश में जुट गई है।
घाट पर मौजूद गंगा आरती सेवा समिति के मुख्य पुजारी अमरनाथ पांडेय उर्फ लाला बाबा ने बताया कि लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति स्नान के दौरान गंगा में समा गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि घाट किनारे उसके कपड़े और सामान पड़े हुए मिले हैं।
टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर खोजबीन जारी है।