राजपुर में लगा जनता दरबार, 11 मामलों को डीएम ने किया निष्पादन

बीआर दर्शन | बक्सर
सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी ढ़ग से लागू करने एवं न्याय के साथ विकास के उद्देश्य से शनिवार को राजपुर में जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमे 11 आवेदन को डीएम द्वारा तत्काल निष्पादित किया गया। जनता दरबार में डीएम अंशुल अग्रवाल द्वारा सभी लोगों की समस्या को एक एक कर सुना गया एवं संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
सत्येंद्र कुमार चौधरी के द्वारा केदारगंज एवं बरहूटिया के छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय की मांग की गई। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजपुर को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र की आवश्यकतानुसार विद्यालय निर्माण हेतु स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।राजपुर के विभिन्न विद्यालयों के सफाईकर्मियों द्वारा मानदेय भुगतान हेतु जिला पदाधिकारी को आवेदन दिया गया, जिस पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान बक्सर को अविलंब कारवाई करने का निर्देश दिया गया।
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव के नकल संबंधी परिवाद को तत्काल निष्पादित करते अंचलाधिकारी राजपुर द्वारा प्रतिवेदन उपलब्ध करा दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा अभियान बसेरा-2 के तहत धनसोई के जगनारायण चौधरी की पत्नी राधिका देवी को वासगीत पर्चा दिया गया। अगलगी में अनुग्रह अनुदान के तहत दरियापुर के पचरतनी देवी को 20,000 रुपए का चेक और केदारगंज के अजय कुमार सिंह को 18,500 रुपए का चेक दिया गया।
जनता दरबार कार्यक्रम में मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला पदाधिकारी को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया गया जिस पर जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। भूमि सर्वे के दौरान वंशावली बनाने हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को विभागीय निर्देश से अवगत कराया गया।
जनता दरबार में जिला पदाधिकारी बक्सर, अपर समाहर्ता बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर एवं जिले के वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।