राजपुर में युवक ने लगाई फांसी, एक सप्ताह में दूसरी घटना
घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रो कर हुआ बुरा हाल

बीआर दर्शन। बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में एक युवक ने बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी स्वर्गीय ललन त्रिपाठी के पुत्र 20 वर्षीय अमित त्रिपाठी मंगलवार की देर रात खाना खाकर सोने चला गया। सुबह में देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद आसपास के लोगों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया तो युवक फंदे से लटकता हुआ पाया गया। राजपुर थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी ने बताया कि मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। तीन भाइयों में वह दूसरे स्थान पर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घरवालों से भी पूछताछ की जा रही है।
*धनसोई में युवक ने लगाई थी फांसी*
आत्महत्या की चार दिनों के अंदर यह दूसरी घटना है। रविवार को धनसोई थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार दो घटनाओं ने प्रबुद्ध लोगों को सोचने पर मजबुर कर दिया है।