राजपुर में मिला अधेड़ महिला का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर पंचायत के ओड़वार महादेवपुर मौजा में मंगलवार की सुबह एक एक अधेड़ महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फ़ैल गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक एक किसान खेत घुमने के लिए बधार में गया था। खेत की मेड़ पर घूमने निकले किसान की नजर धान की रौंदी हुई फसल पर पड़ी। शंका होने पर उसने आसपास देखा, तो पुआल का एक बड़ा ढेर असामान्य रूप से जमा दिखा। किसान ने जब पुआल हटाया, तो अंदर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा था।


कुछ ही मिनटों में घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला की उम्र लगभग 48 से 50 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की आशंका बेहद मजबूत है। मामला बेहद संवेदनशील है, एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किया। पुलिस मृतक महिला के पहचान को लेकर प्रयास में जुट गई है।




