राजपुर के रसेन में अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत दूसरा गंभीर रूप से जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव में सोमवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रसेन गांव निवासी विजय शंकर चौबे और धनसोई थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी रामाकांत पाठक रिश्तेदार थे। रामाकांत पाठक किसी पारिवारिक कारण से रसेन गांव आए हुए थे। सोमवार शाम दोनों घर से बाहर टहलने निकले थे।

इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में रामाकांत पाठक को 5 से 6 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

विजय शंकर चौबे के पैर में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल विजय शंकर चौबे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की सघन जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।



