CRIME

युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले छह घंटे में गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

शहर नाथ बाबा मंदिर के समीप से युवक का अपहरण करने वाले तीन अपराधियों को स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को भी दबोच लिया है। घटना रविवार की बताई जा रही है।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि भोजपुर जिले के मसाढ़ निवासी रामबाबू यादव ने पुलिस को आवेदन देकर बताया कि उनका भतीजा रितेश कुमार उर्फ मनीष कुमार शमशान घाट से लौट रहा था। इसी दौरान नाथ बाबा मंदिर के समीप अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और फरार हो गए। अपहरण के कुछ ही देर बाद रितेश के भाई विशाल के पास फिरौती के लिए फोन कॉल आया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित छापेमारी शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले औद्योगिक थाना क्षेत्र के गोगौरा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनके तीन अन्य साथी अपहृत युवक को उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोलम्बर के पास घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी घबरा गए और गोलंबर से कुछ ही दूरी पर युवक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने रितेश को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया है।

पुलिस ने इस मामले में औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपेन्द्र कुमार, पिता- धनजी यादव निवासी बड़की सारिमपुर, अजीत मांझी, पिता- शिववचन मांझी निवासी रामोबरिया और धीरेन्द्र राम, पिता- सुमेर राम निवासी उमरपुर को गिरफ्तार किया है। फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा जारी है।इस ऑपरेशन में सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के साथ टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, चन्दन कुमार, राजीव रंजन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button