बाइक सवार अपराधियों ने कोइरपुरवा में अधेड़ को मारी गोली, मौत

बीआर दर्शन। बक्सर
शहर के कोइरपुरवा स्थित अंग्रेज कब्रिस्तान के समीप बाइक सवार अपराधियों ने अधेड़ को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जख्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक जख्मी की मौत रास्ते में ही हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के कोइरपुरवा मोहल्ले के विक्रमा सिंह के पुत्र हरेराम सिंह उर्फ मलाई सिंह 50 वर्ष शहर में सब्जी खरीद- बिक्री का कार्य करते हैं। सोमवार को रात करीब दस बजे नगर परिषद के पीछे वाली सड़क से जा रहे थे। अंग्रेज कब्रिस्तान के समीप बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मार दी। गोली चलने आवाज सुन आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जख्मी को अपने ही वाहन से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली सीने में लगी है। घटना के बाद टाउन थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।