बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत, तीन जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर-सासाराम मार्ग पर राजपुर थाना क्षेत्र के मकोरिया डीह के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी चंद्रभूषण पांडेय के पुत्र प्रवीण कुमार पांडेय अपने दो साथियों नीरज कुमार पांडेय पिता स्वर्गीय धनंजय पांडेय और विनीत कुमार पांडेय पिता हृदय शंकर पांडेय के साथ बाइक से बक्सर की ओर जा रहे थे। वे बक्सर से विंध्याचल जाने वाले थे।

इसी दौरान कृतपूरा गांव निवासी भोला साह का पुत्र गोलू साह अपनी बाइक से राजपुर की तरफ आ रहे थे। मकोरिया डीह के पास दोनों बाइकों की तेज रफ्तार में टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवीण कुमार पांडेय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नीरज कुमार पांडेय, विनीत कुमार पांडेय और गोलू साह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मृतक प्रवीण कुमार पांडेय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




