फिंगरप्रिंट का क्लोन बना बैंक खाते से उड़ा रहा था पैसा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
साईबर कैफे में आधार कार्ड के माध्यम से पैसा निकालने आए लोगों का फिंगरप्रिंट बना कर गलत तरीके से पैसा निकालने वाले कैफे संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कैफे संचालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।


एसपी शुभम आर्य से मिली जानकारी के मुताबिक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकरहंसी रामआशीष सिंह के पुत्र अजीत कुमार सिंह ने 23 जुन 2025 को साईबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से 7 मार्च 2025 से 1 मई 2025 तक 20 बार में एक लाख सात हजार रुपए की निकासी कर ली गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक सह साईबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच के बाद सोनवर्षा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के सुरेश सिंह के पुत्र अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक साईबर कैफे संचालक है। युवक ने पुलिस को बताया कि जब कोई ग्राहक आधार कार्ड से पैसा निकालने आते थे उसी दौरान उनके अंगूठे का क्लोन बना लेता था। जिसका उपयोग गलत तरीके से पैसा निकालने में करता था। इस कार्य में उसके कई अन्य युवक भी संलिप्त हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर इस घटना में शामिल अन्य युवकों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में पुलिस निरीक्षक संजय कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत, शुभम कुमार के साथ साईबर थाना के जवान थे।





