फर्जी फिंगरप्रिंट बना कर पैसा निकालने वाले दो और गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
साईबर कैफे में आधार कार्ड के माध्यम से पैसा निकालने आए लोगों का फिंगरप्रिंट बना कर गलत तरीके से पैसा निकालने वाले कैफे संचालक की गिरफ्तारी के बाद दो अन्य युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद साईबर थाना पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस घटना के जांच में जुटी हुई है।


एसपी शुभम आर्य से मिली जानकारी के मुताबिक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकरहंसी रामआशीष सिंह के पुत्र अजीत कुमार सिंह ने 23 जुन 2025 को साईबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से 7 मार्च 2025 से 1 मई 2025 तक 20 बार में एक लाख सात हजार रुपए की निकासी कर ली गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक सह साईबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच के बाद सोनवर्षा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के सुरेश सिंह के पुत्र अमन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। युवक ने पुलिस को बताया कि जब कोई ग्राहक आधार कार्ड से पैसा निकालने आते थे उसी दौरान उनके अंगूठे का क्लोन बना लेता था। जिसका उपयोग गलत तरीके से पैसा निकालने में करता था। मामले में पुलिस की जांच में दो अन्य युवकों का नाम भी सामने आया। साईबर थाना पुलिस ने मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकरहंसी गांव निवासी सुभाष सिंह के पुत्र मिंटू सिंह और औद्योगिक थाना क्षेत्र के बरुणा गांव निवासी ब्रह्मेश्वर सिंह के पुत्र पंकज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों गिरफ्तार युवकों ने उक्त घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक लैपटॉप, एक फिंगरप्रिंट मशीन और दो मोबाइल जब्त किया है। पुलिस उपकरणों की जांच कर रही है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार दोनों युवकों को जेल भेज दिया।गिरफ्तारी टीम में डीएसपी सह साईबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत, विकास कुमार लायक, शुभम कुमार, अनुपम कुमारी के साथ साईबर थाना के जवान थे।





