प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने का मैसेज करने वाला बक्सर से गिरफ्तार, दो अन्य भी गिरफ्त में

बीआर दर्शन | बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नुकसान पहुंचाने का दावा करते हुए विदेशी एजेंसी सीआईए को मैसेज भेजने के मामले में दिल्ली पुलिस के साथ राज्य पुलिस ने सिमरी थाना क्षेत्र से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बुधवार की रात हुए इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना क्षेत्र स्थित आशा पड़री गांव का है, जहां से पुलिस ने पहले एक युवक को पकड़ा और उसके बाद उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी खुद को विदेशी एजेंसी से जुड़ा बताते हुए प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने और हमला कराने का दावा कर रहा था, जिसके एवज में उसने पैसों की मांग भी की थी।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि गोपनीय सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम गठित कर छापेमारी की गई। जांच के दौरान मोबाइल और लैपटॉप खंगालने पर इस बात के संकेत मिले हैं कि आरोपी और उसके साथी साइबर माध्यम से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे। हालांकि, पैसों की मांग कितनी की गई थी, इस पर एसपी ने इसे गोपनीय बताते हुए खुलासा करने से इनकार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अमन तिवारी पहले भी विवादों में रह चुका है और वर्ष 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट को हैक करने की धमकी देने के मामले में उसे कोलकाता और बक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। इस बार मामला प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस और भी सतर्क हो गई है।

छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जिस कमरे से वह कथित रूप से यह गतिविधियां संचालित कर रहा था, उसे भी सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।




