पुलिस वैन के धक्के से युवक जख्मी, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बीआर दर्शन। बक्सर
धनसोई थाना क्षेत्र के धनसोई- तियरा मुख्य सड़क पर खरहना गांव के समीप पुलिस वैन के धक्के से एक युवक जख्मी हो गया। जख्मी युवक को पुलिस वालों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक खरहना पीडिया डेरा के मोतीलाल चौधरी का 18 वर्षीय पुत्र बुधन चौधरी खरहना से मुर्गा खरीद कर घर जा रहा था। तभी राजपुर की ओर से आ रही पुलिस वैन के चपेट में आ गया। जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वैन में सवार दो पुलिस वाले जख्मी युवक को अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उसे डाक्टरों द्वारा रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव से कुछ दुर पुलिस वैन को घेर लिया। ग्रामीण चालक को ढूंढ रहे थे। ग्रामीणों आरोप लगा रहे थे कि चालक शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने घायल को अस्पताल के पास ले जाकर छोड़कर भाग गए। हालांकि स्थानीय पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। बता दें कि पिछले महीने डुमरांव पुलिस के वाहन से भी दुर्घटना हुई थी।