OTHERS

पीएलआई और आरपीएलआई की बारीकियों से अवगत हुए अधिकारी व जवान

 

बीआर दर्शन | बक्सर

बाजार समिति रोड स्थित अनुमंडल अग्निशमालय कार्यालय के परिसर में शनिवार को डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं के प्रचार-प्रसार और अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों को लाभांवित करने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के दिशा-निर्देश पर तथा अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में भारतीय डाक विभाग के कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीएलआई के एचओ सारांश ओझा, डाकघर के कर्मचारी सुरेश कुमार एवं जितेन्द्र सिंह ने उपस्थित कर्मियों को जीवन बीमा योजनाओं की विशेषताओं, लाभों और विभिन्न पॉलिसियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीएलआई एवं आरपीएलआई योजनाएं न केवल बीमाधारक को सुरक्षा प्रदान करती हैं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों के भविष्य को भी आर्थिक संबल देती हैं। शिविर में यह भी बताया गया कि कम प्रीमियम में बेहतर रिटर्न और सरकारी सुरक्षा के कारण डाक जीवन बीमा योजनाएं आज भी विश्वसनीय मानी जाती हैं। अधिकारियों और कर्मियों ने योजनाओं से जुड़ी जिज्ञासाओं को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका डाक विभाग की टीम ने विस्तार से समाधान किया। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की ओर से आग से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर मॉक ड्रिल भी कराया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में प्राथमिक सुरक्षा उपायों और उपकरणों के प्रयोग की जानकारी दी गई।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि अग्निशमन कर्मी जोखिम भरे कार्यों को करते हैं। ऐसे में उनके और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। डाक जीवन बीमा जैसी योजनाएं उन्हें भविष्य के लिए भरोसेमंद सुरक्षा प्रदान करती हैं। इसी उद्देश्य से इस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया है। जागरूकता शिविर में अनुमंडल अग्निशमन बक्सर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button