CRIME

पांच दिन से गायब युवती का बोरी में मिला शव, हत्या की आशंका

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनी डेरा गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 वर्षीय युवती का शव बोरी में बरामद किया गया। मृतका की पहचान स्थानीय गांव के बरमेश्वर यादव की पुत्री सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। बरमेश्वर यादव आसनसोल (पश्चिम बंगाल) में रहकर दूध व्यवसाय का कार्य करते हैं।

परिजनों के मुताबिक, बीते सोमवार की शाम से ही सुनीता घर से लापता थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अपराधियों द्वारा युवती का अपहरण कर लिया गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना के पांच दिन बाद शनिवार को गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के पीछे खर-पतवार के बीच बोरी में बंद शव पाया गया।

बताया जाता है कि शव से दुर्गंध आने के बाद विद्यालय के शिक्षकों की नजर उस पर पड़ी। संदेह होने पर बोरी की जांच की गई, जिसके बाद पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका की शादी भी तय हो चुकी थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button