पटवन करने गए युवक का खेत में मिला शव, गोली मारने की आशंका, सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट पंचायत के बाबुडेरा गांव के पास पटवन करने गए युवक का शव खेत में मिला। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि उसे गोली मारी गई होगी। मौके पर डुमरांव एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी तथा स्थानीय थानाध्यक्ष सुरेश कुमार के साथ पुलिस की टीम पहुंच गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ब्रह्मपुर- रघुनाथपुर रोड जाम कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक बाबुडेरा गांव का निवासी नन्द जी यादव के 25 वर्षीय पुत्र लल्लू यादव खेत का पटवन करने के लिए गया था। सुबह उसकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई उसके पेट पर जो निशान है उसे देखकर ऐसा माना जा रहा है कि उसे नजदीक से गोली मारी गई है लेकिन घटनास्थल पर खून की एक बूंद भी ना होना संदेह पैदा कर रहा है। कथित तौर पर गोली लगने के जो निशान है वह भी जले के निशान की तरह दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक युवक ट्रैक्टर आदि चलाता था। साथ ही उसने ऑटो भी निकाल रखा था, जिससे उसकी जीविकोपार्जन होता था। बीती रात वह खेतों पर पटवन करने के लिए आया था और यही सो गया था। शनिवार को सुबह जब स्थानीय लोग खेतों में टहलने के लिए आए तो उन्होंने लल्लू की लाश देखी। लोगों का यह भी कहना है कि वह बहुत सीधा-सादा लड़का था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। लोगों की भीड़ मौके पर जुटी हुई है. एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।