नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम

बीआर दर्शन | बक्सर
चक्की थाना क्षेत्र के चंदा गांव में नीम के पेड़ से 25 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार की रात की है, परिजनों को इसकी जानकारी सुबह मंगलवार को हुई। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक चक्की थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी बिरेन्द्र यादव के पुत्र गोलू यादव सोमवार की रात घर पर खाना खाकर छत पर सोने चला गया था। युवक घर के बगल में स्थित नीम के पेड़ पर फंदा डाल फांसी लगा लिया था। मंगलवार को सुबह करीब पांच बजे परिजनों की नींद खुली तथा छत पर गए तो देखा कि गोलू छत पर नहीं है। अभी लोग उसकी तलाश शुरू ही किए थे कि नीम के पेड़ से लटका उसका शव नजर आया।
ग्रामीण सूत्रों की मानें तो युवक नशे का आदी था। दो महीने पहले उसकी सगाई टूट गई थी, जिसके बाद उसके नशे की लत और तेज हो गई थी तथा नशे की हालत में वह अक्सर अपने घरवालों से झगड़ा भी करता था।
माना जा रहा है कि नशे की लत, सगाई टूटने के डिप्रेशन व घरेलु विवाद में ही उसने ऐसा कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।