नाथ बाबा मंदिर से करोड़ों के चंदन का पेड़ काट ले गए चोर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के चरित्रवन गंगा तट स्थित नाथ बाबा मंदिर परिसर से बीती रात चोरों ने करोड़ रुपये मूल्य के चंदन के दो पेड़ काटकर चोरी कर लिए। इस घटना से मंदिर प्रशासन के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 2 बजे के आसपास चोर अनुमंडल पदाधिकारी के आवास की बाउंड्री की ओर से मंदिर परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे चंदन के दो पेड़ों को काटा और उन्हें अपने साथ लेकर फरार हो गए। यह पेड़ मंदिर के संस्थापक श्रीनाथ बाबा द्वारा लगाए गए थे, जो मंदिर की धरोहर और आस्था का प्रतीक माने जाते थे।

मंदिर के मुख्य महंत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ये चंदन के पेड़ केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि धार्मिक और भावनात्मक रूप से भी मंदिर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण थे। इन्हें काटकर ले जाना मंदिर को अपूरणीय क्षति पहुंचाने जैसा है। रात दो बजे के आसपास जब कुछ आवाज सुनाई दिया तो शिष्यों ने बाहर निकल हल्ला किये और चोर चोर चिल्लाये लेकिन लगभग आधा दर्जन की संख्या में चोर अनुमंडल पदाधिकारी की बाउंड्री की तरफ सीढ़ी लगाए थे और एसडीओ की बाउंड्री में प्रवेश कर फरार हो गए और मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बक्सर नगर थाना पुलिस, मुफस्सिल थाना पुलिस तथा डीआईओ (डॉग स्क्वायड/जांच टीम) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के जांच के मुताबिक चोरों ने चंदन के पेड़ को रानी घाट से गंगा के रास्ते लेकर फरार हो गए।

टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध मार्गों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

एसडीएम आवास सुरक्षा प्रहरियों पर उठ रहे सवाल:
नाथ बाबा मंदिर से सटे सदर एसडीएम का आवास है। चोरों के द्वारा एसडीएम आवास के रास्ते का प्रयोग किया गया। मंदिर से पेड़ों की चोरी और हल्ला – गुल्ला के बाद भी सुरक्षा प्रहरियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करना एसडीएम आवास की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे।




