नया भोजपुर थाना क्षेत्र में चार सड़क हादसे, चालक की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
शनिवार की सुबह अचानक बढ़े घने कुहासे में आरा–बक्सर फोरलेन समेत आसपास के इलाकों में चार अलग-अलग सड़क दुघर्टना में ट्रक चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मृतक चालक के के पहचान को लेकर प्रयास कर रही है। वहीं अन्य घटनाओं में चालक और खलासी जख्मी हो गए, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया।

शनिवार की सुबह एनएच-922 पर प्रतापसागर के समीप इस घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। ट्रक के केबिन में चालक का शव बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे कटर की मदद से केबिन का दरवाजा काटकर बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मृतक चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ट्रक पटना से बक्सर की ओर ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर जा रहा था। हादसे के बाद बालू लदे ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे से साइड कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

दूसरी घटना आरा–बक्सर फोरलेन पर ही नावाडेरा के समीप शनिवार की सुबह करीब छह बजे दो ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पीछे से टकराए ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।चालक सह बस्ती निवासी सतीश ने बताया कि वह घने कोहरे के कारण वाहन को धीरे-धीरे चला रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। वहीं पुराना भोजपुर के सिमरी रोड पर शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई, जहां गिट्टी और डस्ट से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह ट्रेलर वाराणसी की ओर से आ रहा था और मंझवारी जा रहा था। बताया जा रहा है कि पुराना भोजपुर–आशा पड़री मार्ग पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके लिए निर्माण सामग्री मंझवारी स्थित हब तक पहुंचाई जा रही थी। पोल फैक्ट्री के समीप मोड़ पर घने कुहासे और लो विजिबिलिटी के कारण चालक को सड़क का सही अंदाजा नहीं हो सका।

चौथी दुर्घटना आरा–बक्सर फोरलेन पर टोल टैक्स के समीप से करीब 200 मीटर दूर चंदा गांव के समीप हुई, जहां दो ट्रेलरों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में पीछे से टकराए ट्रेलर के चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के चालक सह आजमगढ़ निवासी प्रेमचंद यादव ने बताया कि वह आरा से बालू लादकर गोरखपुर जा रहे थे। उनके सामने चल रही ट्रेलर के आगे अचानक एक नीलगाय आ गई, जिससे चालक को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। घने कुहासे के कारण उन्हें समय पर स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका और उनका वाहन पीछे से टकरा गया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि सभी मामलों की जांच की जा रही है।




