नकली पुलिस के साथ लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार, जेवरात बरामद

बीआर दर्शन | बक्सर
शादी के नाम पर झांसा देकर पैसा और गहने लूटने वाली दुल्हन, नकली पुलिस के साथ नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से शादी के नाम पर लूटे गए गहने, 38500 नगदी बरामद किया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया।



एसपी शुभम आर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कानपुर के रमा देवी ने मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज कराई कि कोरान सराय थाना क्षेत्र के कलावती देवी और उनके पति रमेश गोंड द्वारा उनके देवर कराने का झांसा देकर 7 अप्रैल को फरीदाबाद से बक्सर बुलाया। आरोपितों द्वारा शादी कराने के नाम पर 50 हजार नगदी के साथ ज़ेवर की मांग की गई। मामला 40 हजार नगद और कुछ जेवर पर तय हो गया। 8 अप्रैल को पीड़िता रमा देवी के देवर विनय और आरोपी दुल्हन नीतु की शादी कोर्ट के माध्यम से करा दी गई। शादी के अन्य रस्म पुरा करने के नाम पर दोनों पक्षों के लोग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा गंगा घाट पर पहुंच गए। रस्म अदायगी के दौरान लड़का पक्ष वालों ने दुल्हन को गहने भी दे दिया। दुल्हन के विदाई के समय एक बाइक पर दो युवक मौके पर पहुंच अपने को पुलिस बताते हुए सभी को थाना चलने की बात कह धमकी देने लगे। पुलिस के नाम पर दुल्हन समेत उसके साथ आए सभी लोग मौके से पैसा और जेवर लेकर फरार हो गए। शादी करने आए लड़का पक्ष वालों को जब अपने को लूटे जाने का आभास होने पर उनलोगो ने डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी। डायल 112 के मदद से सभी को मुफस्सिल थाना ले जाया गया जहां पर उनके आवेदन पर एफआईआर दर्ज कराई गई। एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस घटना की जांच में जुट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुल्हन नीतु देवी पति राजन राम उजियार, बलिया, दुल्हन की मां मीना देवी पति शिवबचन चौहान जमौली राजपुर, दुल्हन के पिता शिवबचन जमौली राजपुर, दुल्हन की बहन सुनैना देवी पति विष्णु नोनिया, नकली पुलिस हैदर खां तुर्कपुरवा मुफस्सिल के साथ हाकीम चौहान इटाढ़ी, कलावती देवी कोरान सराय और जगजीवन चौहान बरुणा औद्योगिक थाना को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लड़के वालों से लूटे गए 38500 रुपए, एक आटो, कान की बाली एक जोड़ी, पायल एक जोड़ी, पांच मोबाइल बरामद किया गया। गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, एसआई चंदन कुमार के साथ पुलिस बल के जवान थे। पुलिस ने सभी आरोपितों को जेल भेज दिया।





