धनसोई में जनप्रतिनिधि और पुलिस ने प्रेमी जोड़े की कराई शादी

बीआर दर्शन। बक्सर
धनसोई थाना क्षेत्र के जंगलिया बाबा मंदिर में जनप्रतिनिधि और पुलिस की मौजूदगी में प्रेमी जोड़े की शादी कराई गई। शादी के बाद दोनों परिवारों के द्वारा सहमति पत्र बनाया गया। प्रेमी जोड़े की शादी देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
मिली जानकारी के मुताबिक धनसोई थाना क्षेत्र के एक गांव के एक युवक और युवती के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच लड़की 8 माह की गर्भवती हो गई। हालांकि लड़का-लड़की शादी करना चाहते थे, लेकिन एक ही गांव के होने के कारण दोनों के परिजन मान नहीं रहे थे। जिसको लेकर धनसोई थाना में लड़की के परिजनों द्वारा आवेदन भी दिया गया था। जिसमें विचार विमर्श के पश्चात जनप्रतिनिधियों के द्वारा सहमति बनाई गई कि लड़का और लड़की दोनों बालिग है तथा शादी करना चाहते हैं, तो दोनों के परिजन को मनाया गया। इसके बाद धनसोई पंचायत के मुखिया तुलसी साह व सरपंच संतोष माली के द्वारा दोनों पक्षों से बात की गई। दोनों पक्ष के सहमति के बाद धनसोई स्थित जंगलिया बाबा आश्रम पर दोनों का शादी कराई गई। दोनों पक्षों के द्वारा सहमति पत्र बनाया गया। इस शादी को देखने के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया पुलिस को आवेदन मिला था। आपसी समझौते से दोनों पक्ष शादी करने पर राजी हो गए हैं।