दलसागर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, पहचान का प्रयास

बीआर दर्शन। बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के दलसागर गांव के समीप सड़क किनारे युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों के सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रख दिया है। पुलिस मृतक युवक के पहचान को लेकर आसपास के थाना को सूचित कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह दलसागर पेट्रोल पम्प के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दिया। औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि युवक के शरीर पर इलाज के निशान पाया गया है। युवक का कहीं पर इलाज कराया जा रहा था। युवक के शरीर में कैथेटर और ड्रीप लगा हुआ था। शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मृतक युवक के पहचान को लेकर प्रयास कर रही है। युवक के दाहिने हाथ पर सुरेश लिखा हुआ है। वहीं बायें हाथ पर तीन स्टार बना हुआ है। औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक युवक के पहचान को लेकर प्रयास किया जा रहा है। जिला के सभी थाना में सूचना दे दिया गया है।
अस्पतालों में हो रही है छानबीन
दलसागर के समीप युवक के शव मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। युवक के शरीर पर इलाज के निशान मिलने के बाद पुलिस जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों में छानबीन कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इलाज के दौरान युवक की मौत होने के बाद शव को फेंका गया है। पुलिस को शक है कि कहीं सड़क दुर्घटना में जख्मी होने के बाद युवक का इलाज किसी निजी अस्पताल में चल रहा था। पुलिस का मानना है कि मृतक के पहचान होने के बाद घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।