दरवाजे से गायब तीन वर्षीय बच्चा का ठोरा नदी में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव से दरवाजे पर खेल रहा गायब तीन वर्षीय बच्चे का शव मंगलवार की सुबह ठोरा नदी से मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक यूपी के गाजीपुर जिला के रेवतीपुर गांव अभिषेक राय का ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव में हैं। ससुराल में किसी की शादी होने वाली है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए अभिषेक की पत्नी अपने तीन वर्षीय पुत्र सार्थक राय के साथ आई थी। रविवार को घर के लोग शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। सार्थक दरवाजे पर ही खेल रहा था। खेलने के दौरान सार्थक गायब हो गया था। काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दिया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के करीब 36 घंटा के बाद बच्चे का शव ठोरा नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि बच्चा खेलने के दौरान नदी किनारे चला गया होगा और नदी में गिर गया होगा। हालांकि बच्चे के गांव रेवतीपुर में बच्चे का अपहरण का चर्चा जोरों पर चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राहुल ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसा प्रतित हो रहा है। हालांकि अन्य विंदुओं पर भी जांच की जा रही है।