CRIME

तीसरे दिन भी बक्सर में गरजी बंदूक युवा राजद मजदूर नेता को गोली मारी

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अपराधियों में कानून का खौफ कम होता दिख रहा है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन अपराधियों ने चौसा थर्मल पावर प्लांट के गेट के समीप युवा राजद मजदूर नेता अर्जुन यादव को ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। हमले में उन्हें लगभग तीन गोलियां लगी हैं, जिनमें एक सिर के पास भी लगी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ज़ख्मी को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है। पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक चौसा गोला के स्व सुदर्शन सिंह के पुत्र अर्जुन यादव राजनीति से जुड़े हुए हैं और चौसा थर्मल पावर प्लांट में राजद मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष है। अर्जुन पावर प्लांट में ठेकेदारी का काम भी करते हैं। सोमवार की दोपहर वे अपनी थार गाड़ी से थर्मल प्लांट के गेट पर पहुंचे थे। उसी वक्त बाइक सवार अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी और गोलियां दागते हुए फरार हो गए। घटना के बाद लोगों द्वारा बक्सर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सरस्वती चंद्र मिश्रा ने बताया कि युवक की स्थिति बेहद नाजुक है, इसलिए उन्हें रेफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ धीरज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और जानकारी लेने का प्रयास किया। घटना के बाद स्थानीय लोग और राजद नेताओं ने पावर प्लांट के समीप सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

बता दें कि  जिले में यह लगातार तीसरी बड़ी आपराधिक घटना है।शनिवार को राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिनमें दो लोग अब भी वाराणसी में भर्ती हैं। रविवार को वासुदेवा थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई, और अब सोमवार को युवा राजद मजदूर नेता को गोली मारी गई है। ज़ख्मी जीवन और मौत से जूझ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button