युरिया खाद के पीछे छुपा कर लाई जा रही 60 लाख की शराब बरामद, दो गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
शराब तस्करी को लेकर तस्कर हर दिन नई-नई तरकीब निकाल बिहार में शराब की खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार को उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों की बड़ी कोशिश को फेल कर दिया। उत्तर प्रदेश–बिहार की सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु पर जांच के दौरान एक 16 चक्का ट्रक से काफी मात्रा में शराब बरामद की गई। ट्रक ऊपर से पूरी तरह यूरिया खाद से भरा दिख रहा था। जांच में पता चला कि ट्रक के बीचो-बीच लोहे का एक बड़ा बॉक्स बनाया गया था, जिसमें शराब की पेटियां छुपाई गई थीं।


उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि यह ट्रक पिछले 20 दिनों से विभाग की निगरानी पर था। सूचना मिली थी कि इसी गाड़ी से बार-बार शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। इसलिए चेक पोस्ट पर जांच और तेज कर दी गई थी। ट्रक से कुल 699 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा 6165 लीटर बताई जा रही है। साथ ही ट्रक को जब्त कर दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार भी किया गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान संदीप 23 वर्ष, पिता – संदीप ऊडा, निवासी मतलोडा, जिला पानीपत और मोहित 26 वर्ष, पिता – कर्मवीर, निवासी नयावास, जिला रोहतक निवासी के रूप में हुई। युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे पंजाब से शराब लादकर छपरा में सप्लाई करने जा रहे थे। दोनों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब पकड़े जाने की खबर फैलते ही वीर कुंवर सिंह सेतु पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग शराब तस्करी के तरीके देख आश्चर्य व्यक्त करते दिखे।




