डुमरांव में अधेड़ ने किया दुष्कर्म का प्रयास, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक अधेड़ द्वारा 12 वर्षीय एक किशोरी के साथ घिनौनी हरकत का प्रयास किया गया। हालांकि, आस पास के लोगों की सजगता से बड़ी घटना होने से बच गया। लोगों ने हो – हल्ला कर बच्ची को बचा लिया। जानकारों का कहना है कि इस दौरान आरोपित को लोगों का कोपभाजन भी बनना पड़ा, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी मंगलवार को दोपहर किशोरी को बहला फुसलाकर अपने गैराज में ले जाकर छेड़खानी कर रहा था। हालांकि, आस पास के लागों ने उसे बच्ची को गैराज में ले जाते देखा था। इस दौरान लोग एकजुट हो हो- हल्ला करने लगे। जिसके बाद आरोपित उसे छोड़ भाग निकला।


घटना जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच में जुट गई। वहीं, बच्ची के माता-पिता थाना पहुंच इसकी जानकारी पुलिस को दिए। पुलिस फरार आरोपित की धर पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद शहर में चर्चाओं का माहौल तेज हो गया है। स्थानीय लोगों ने आरोपित को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।

डुमरांव एसडीपीओ पोलत्स कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



