ट्रक के चपेट में आई स्कूल से लौट छात्रा, मौके पर मौत, सड़क जाम

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को एक और दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय किशोरी निभा की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रतापसागर गांव के शंकर सिंह की दस वर्षीय पुत्री निभा कुमारी स्कूल से लौट रही थी। बच्ची सड़क किनारे खड़ी थी। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया। घटना के बाद बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए लोगों ने NH-922 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
NH-922 पर लापरवाही बन रहा हादसों का कारण :
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण NH-922 अब मौत का हाईवे बनता जा रहा है। सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। जिले में लगातार हो रही सड़क दुघर्टना में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सड़क दुघर्टना में प्रशासन के साथ आम लोगों की भी गलती सामने आ रही है। अक्सर यातायात नियमों के पालन करने से सड़क दुघर्टना हो रही है।