टाउन थाना हाजत से फरार आरोपी एक माह बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना पुलिस के हिरासत से फरार आरोपी एक माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया। युवक प्रेम-प्रसंग मामले में गिरफ्तार हुआ था और शौचालय की खिड़की तोड़कर भाग निकला था।


टाउन थाना पुलिस ने बताया कि प्रेम प्रसंग का झांसा देकर लड़की को लेकर भागने के आरोपी फरहान जुबैर, पिता जावेद कुरैशी, निवासी खलासी मुहल्ला को पुलिस ने 18 जनवरी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद 19 जनवरी, सुबह अभियुक्त ने शौच जाने का अनुरोध किया। नियमानुसार पुलिस बल उसे शौचालय ले गया, जहां उसने चालाकी दिखाते हुए हथकड़ी को सरका लिया और शौचालय की खिड़की तोड़कर फरार हो गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए टाउन थाना में 19 जनवरी को आरोपी के विरुद्ध पुनः एफआईआर दर्ज किया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस की तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आखिरकार फरहान जुबैर को शनिवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।




