जेल परिसर स्थित वामनेश्वर मंदिर से लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

बीआर दर्शन | बक्सर
सेंट्रल जेल परिसर स्थित प्राचीन वामनेश्वर मंदिर में शुक्रवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान वामन का चांदी का मुकुट, कई पीतल के घंटे, इनवर्टर, बैट्री समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा देख उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

बताया जाता है कि मंदिर जेल परिसर के अंदर स्थित है, जहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहती है। ऐसे में जेल की चारदीवारी के भीतर इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही जेल कर्मियों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।




