जिला में हुए अलग-अलग घटनाओं में युवती समेत तीन की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
जिला में गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए घटनाओं में युवती समेत तीन की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद सभी परिवारों में मातम पसर गया।

गुरुवार की सुबह ब्रह्मपुर गांव के द्वारिका राम की पुत्री नेहा कुमारी शिव मंदिर में पूजा अर्चना करने गई थी। पूजा के दौरान मंदिर के बगल में स्थित पोखरा के पास कुछ काम से गई थी। बताया जा रहा है कि अचानक पैर फिसलने से युवती पोखरे में चली गई। युवती गहरे पानी में डूब गई। आसपास के लोगों ने देखा तो युवती को बचाने के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद युवती को पानी से निकाला। हालांकि तबतक युवती की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं दूसरी घटना बासुदेवा थाना क्षेत्र के मौनिया बाबा- केसठ नहर मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि नावानगर थाना क्षेत्र के कतिकनार गांव के स्व त्रिलोकी सिंह के पुत्र संजय सिंह कोका कोला कंपनी से काम समाप्त कर बाइक से गांव लौट रहा था। गोविंदपुर गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी भरे नहर में पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं तिसरी घटना एनएच 922 पर प्रतापसागर के समीप हुई। ओवरटेक करने के चक्कर में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों के मदद से चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी जाने के क्रम में चालक की मौत हो गई।





