जयमाल के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, वाराणसी रेफर

बीआर दर्शन | बक्सर
जयमाल के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को गोली मार दी। गोली लगने से जख्मी दुल्हन को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से बारात चौसा आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह बांधे एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नंद जी मल्लाह, को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घायल दुल्हन को परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायल दुल्हन ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाला युवक पड़ोस का दीनबंधु मल्लाह है। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक एकतरफा प्रेम करता था और पहले भी शादी का विरोध जता चुका था।

मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




