चोरी का समान खरीदने वाले दूकानदार समेत तीन उचक्के गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
रेलवे सुरक्षा बल बक्सर एवं जीआरपी बक्सर द्वारा यात्री सामानों की चोरी को लेकर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार की शाम संयुक्त टीम द्वारा गजाधरगंज के अलाउद्दीन अंसारी के पुत्र सुहेल अंसारी को अमृत भारत ट्रेन से महिला यात्री का मोबाइल खिड़की से झपट्टा मार कर चोरी कर भागते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्ति की निशानदेही तथा मुखबिर खास की सूचना पर पर उसके गैंग के दो अन्य व्यक्ति जो मौके से भाग गए थे उनको स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान सुहेल खान, पिता लुकमान खान निवासी गजाधरगंज, बक्सर तथा धर्मेंद्र कुमार पिता रामप्रवेश सिंह ग्राम कोरानसराय ,बक्सर है। इनसे पूछताछ में बताया गया कि हम सभी मिलकर ट्रेन से यात्रियों का कीमती सामान चोरी कर मोबाइल फोन इत्यादि को गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते हैं। तत्पश्चात गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की दुकान पर छापेमारी किया गया तथा गिरफ्तार अपराधियों द्वारा पूर्व में ट्रेन से यात्रियों का चोरी कर बेचे गए चोरी के 02 महंगे मोबाइल फोन बरामद किया गया तथा दुकानदार मो.नासिर को गिरफ्तार किया गया।


आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ के दौरान उक्त गिरफ्तार व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि हम सभी साथ मिलकर ट्रेन से यात्रियों का सामान चोरी करते है। हमारी दोस्ती मंडल जेल आरा में हुआ था उस दौरान भी हम लोग ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल चोरी के अपराध में जेल में थे, उसके बाद बाहर आने पर हम लोग मिलकर चोरी करने लग गए। तीनों व्यक्तियों को एवं चोरी का मोबाइल फोन खरीदने वाले दुकानदार मोहम्मद नासिर के विरुद्ध जीआरपी बक्सर में एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी टीम में आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन कुमार एवं जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार के दिशा निर्देशन में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल एवं आरक्षी बृजेश कुमार सिंह प्रधान आरक्षी राजेश कुमार एवं जीआरपी बक्सर के हवलदार राजेंद्र मिश्रा एवं अन्य बल सदस्य थे।





