चाचा का वर्दी और पिस्टल लेकर जमा रहा था धौंस, पुलिस ने भेजा जेल

बीआर दर्शन | बक्सर
चाचा का वर्दी और पिस्टल लेकर जिला के विभिन्न थाना में धौंस जमाने वाले युवक को टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब दो बजे एक महिला, विज्ञा कुमारी (30 वर्ष), टाउन थाना पहुंची। उसके साथ एक युवक पुलिस की वर्दी में बॉडीगार्ड की तरह मौजूद था। युवक के पास सरकारी पिस्तौल भी थी। महिला अपने एक मामले को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ और उससे पूछताछ शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान महिला स्थिति भांपते हुए चुपचाप थाना परिसर से निकल गई, जबकि युवक वहीं बैठा रह गया। जब पुलिस ने उससे उसकी पोस्टिंग, पद और विभागीय नियमों के संबंध में सवाल किए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम परमजीत सिंह, पिता मनीष कुमार, निवासी गणपत गांव, थाना हिलसा, जिला नालंदा बताया। युवक ने बताया कि उसके चाचा अमित अभिषेक आरा जिले के एससी-एसटी थाना में पीटीसी पद पर तैनात हैं। वर्दी व पिस्तौल उन्हीं की है। युवक ने यह भी बताया कि वह महिला के साथ नावानगर गया था, जहां विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद वे लोग बक्सर टाउन थाना पहुंचे थे।

पुलिस ने तत्काल सरकारी हथियार जब्त कर लिया। मामले में युवक परमजीत सिंह और उसके चाचा अमित अभिषेक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवक को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




