Accident

घने कोहरे ने दूसरे दिन ली चार की जान, एनएच 922 पर हुआ दर्दनाक हादसा 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

जिले में शुक्रवार सुबह लगातार दूसरे दिन घने कोहरे ने चार की जान ले ली। एनएच 922 पर एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास फोरलेन पर हुई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एसएसबी जवान समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कृतसागर गांव निवासी एसएसबी जवान सुजीत कुमार पाण्डेय, ओमकार पाण्डेय, डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव निवासी गिरजा देवी (पति अरुण तिवारी) तथा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के भरखरा गांव निवासी मंजू देवी (पति धर्मराज ओझा) के रूप में हुई। जैसे ही यह खबर मृतकों के घरों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि सभी लोग एक साथ घर में हो रही शादी का न्योता देने और माघी स्नान के लिए बक्सर के रामरेखा घाट जा रहे थे। इसी दौरान चंदा गांव के पास घने कोहरे के कारण उनकी कार पहले आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। इससे पहले कि चालक संभल पाता, पीछे से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के छह बजे के करीब फोरलेन पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार जारी थी। आशंका जताई जा रही है कि कोहरे के कारण चालक को सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका और तेज गति के चलते नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कार से बाहर निकालने के लिए पोकलेन (जेसीबी) मशीन मंगानी पड़ी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। बता दें कि शनिवार को सुबह में बक्सर – चौसा मार्ग पर हुए सड़क दुघर्टना में एक की मौत हो गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button