गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, परदेश में नौकरी करता है पति

बीआर दर्शन | बक्सर
इटाढ़ी की पुलिस ने सोमवार की रात गुप्त सूचना पर घर में छुपा कर रखा गया 49 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा का कीमत करीब ढ़ाई लाख रुपये आंका जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इटाढ़ी के थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर डेहरियां गांव में नीकु कुमारी के घर पुलिस टीम बनाकर की गई छापामारी में यह खेप बरामद हुई। गांजा बरामद होने के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की संलिप्तता गांजा छुपाने में आई है। महिला से पूछताछ में सामने आया कि बरामद गांजा पड़ोसी शैलेन्द्र ने उसके घर में छुपाया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला का पति अन्यत्र रह कर नौकरी करता है। पुलिस उक्त बिंदु पर भी जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य धंधेबाज की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।