CRIME

किराना दुकान से बरामद हुआ देसी कट्टा और पांच गोली, दुकानदार गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को शनिवार को एक बड़ी सफलता मिली। राजपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हरपुर पंचायत के सिसराढ़ गांव से एक व्यक्ति को अवैध हथियार और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।

राजपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि सिसराढ़ गांव में एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निवास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिसराढ़ गांव में छापेमारी की और भगाई राम के पुत्र बृजकिशोर राम उर्फ किशोरी राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि बृजकिशोर राम की गांव में एक किराना दुकान है, जहां वह शराब की तस्करी भी करता है। दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक 8 एमएम का देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद हुआ। छापेमारी टीम में अपर थाना प्रभारी शिवकुमार मंडल, एसआई वकार अहमद गौसी, अनीशा भारती, एएसआई प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

राजपुर के थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी बृजकिशोर राम पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button