कार का शीशा काट तीन लाख रुपए ले उड़े उचक्के, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
बैंक से तीन लाख रुपये लेकर घर लौट रहे पैक्स अध्यक्ष को उचक्कों ने रास्ते में ही चूना लगा दिया। घटना सोमवार को मुफस्सिल थाना के चौसा गोला मोड के समीप हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।


मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना के सोनपा गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष राजेश राय व उनके भाई सुनील राय स्टेट बैंक चौसा से दोपहर के वक्त तीन लाख रुपये लेकर गांव के लिए चले। दोपहर दो बजे के लगभग चौसा गोला मोड़ पहुंचे। दोनों भाई गाड़ी खड़ी कर चाय-पान करने लगे। इसी बीच बाइक सवार अपराधियों ने गाड़ी का शीशा काट सीट पर रखा बैग लेकर नौ दो ग्यारह हो गए। जब दोनों भाई गाड़ी के पास आए तो नजारा देख भौंचक रह गए। गाड़ी का शीशा टूटा देखा। कार की सीट पर रखा पैसे से भरा बैग गायब था। घटना की सूचना तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। आस-पास के दुकानों के सीसीटीवी चेक किया गया। बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार चार लोग गाड़ी के आस-पास नजर आए हैं। मुफस्सिल थाने की पुलिस इसकी जांच में जुटी है।





